October 20, 2026

खतरे की चेतावनी के बीच पाकिस्तान तीर्थयात्रा पर रोक: भाजपा का बयान

चंडीगढ़ 
गुरु नानक देव के ‘प्रकाश पर्व’ समारोह के लिए नवंबर में सिख जत्थों को पाकिस्तान जाने की अनुमति देने से इनकार करने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान द्वारा केंद्र की आलोचना करने के एक दिन बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि पड़ोसी देश में सुरक्षा को लेकर खतरे की आशंका है। उन्होंने मान से यह भी पूछा कि अगर पाकिस्तान में किसी भारतीय तीर्थयात्री के साथ कुछ गलत हुआ तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। मान ने सोमवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार पर भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप टी-20 क्रिकेट मैच को मंजूरी देने, लेकिन नवंबर में गुरु नानक देव की जयंती समारोह के लिए पड़ोसी देश में सिख जत्था भेजने की अनुमति देने से इनकार करने के लिए हमला बोला।

भाजपा नेता सिंह ने कहा कि केंद्र को सूचना मिली है कि पाकिस्तान में तीर्थयात्रियों के साथ कुछ गलत हो सकता है। सिंह ने तीर्थयात्रियों की पाकिस्तान यात्रा को लेकर लगायी गयी वर्तमान रोक पर कहा कि सुरक्षा को खतरा होने की आशंका है। उन्होंने ध्यान दिलाया कि कोई भी देश क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाता। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कई देशों ने अपने नागरिकों को पर्यटन के उद्देश्य से भी पाकिस्तान न जाने की सलाह जारी की है।

Spread the love