चंडीगढ़
हरियाणा विधानसभा का 27 अगस्त को शुरू हो रहा मानसून सत्र एक सितंबर तक चलेगा। वीरवार को सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी, जो शाम तक चलेगी। इसके बाद शुक्रवार को रक्षा बंधन का अवकाश होगा, जबकि अगले दो दिन शनिवार और रविवार का अवकाश है। तीन दिन के अवकाश के बाद 31 अगस्त और एक सितंबर को सदन की बैठकें होंगी। इस तरह कुल तीन दिन काम होगा।
विधानसभा सचिवालय ने शनिवार को मानसून सत्र का अस्थाई कार्यक्रम जारी कर दिया। हालांकि सत्र की अवधि पर अंतिम निर्णय कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में होगा। विधानसभा सचिवालय की ओर से सदन में पहले दिन की कार्यवाही के लिए विधायकों के 20 तारांकित और 20 अतारांकित सवाल शामिल किए गए हैं।
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने 1107 निजी स्कूलों को बंद करने के बारे में जानकारी मांगी है, जबकि कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने वर्ष 2017 से अब तक हृदय, फेफड़ों, कैंसर और हेपेटाइटिस से हुई मृत्यु का ब्योरा मांगा है।
कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने सरकारी स्कूलों में छठी कक्षा से विशेष कौशल विकास पाठ्यक्रम शुरू करने, नरेश सेलवाल ने एचसीएस अधिकारियों को अन्य राज्यों के अधिकारियों की तर्ज पर उच्च वेतनमान की जानकारी मांगी है। तारांकित सवालों के जवाब सदन में मंत्री खुद देंगे, जबकि अतारांकित सवालों के जवाब सदन में टेबल किए जाएंगे।
बूचड़खानों और मांस की दुकानों को नहीं लेने पड़ेंगे दोहरे लाइसेंस
हरियाणा में बूचड़खानों और मांस की दुकानों को दोहरे लाइसेंस नहीं लेने पड़ेंगे। अध्यादेश को कानून में बदलने के लिए प्रदेश सरकार मानसून सत्र में दो विधेयक पारित कराने जा रही है। सत्र में करीब एक दर्जन विधेयक सदन पटल पर रखे जाएंगे।

More Stories
रबी सीजन और दीपावली के लिये निर्बाध विद्युत आपूर्ति करें सुनिश्चित : ऊर्जा मंत्री तोमर
योजनाओं के लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करें, सभी जरूरतमंदों तक पहुँचाएँ लाभ : मंत्री कुशवाहा
छात्रों की सहभागिता से होगा समाज और राष्ट्र की समस्याओं का समाधान: परमार