October 19, 2026

सावन के पहले सोमवार पर पानीपत के शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

पानीपत.

सावन मास के पहले सोमवार को शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही शहर के प्रमुख मंदिरों और शिवालयों में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से पूरा शहर शिवमय नजर आया।

भोर होते ही पांच बजे मंदिरों के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही शिवभक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी में भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद पाने की भारी उत्सुकता और श्रद्धा देखने को मिली। भक्तों ने अनुशासित तरीके से लाइनों में खड़े होकर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और अक्षत अर्पित किए। पहले सोमवार के अवसर पर मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। गर्भगृह में स्थापित शिवलिंग का विशेष शृंगार किया गया। आकर्षक फूलों की मालाओं, चंदन और भांग से भोलेबाबा के मनमोहक स्वरूप को सजाया गया, जिसके दर्शन कर भक्त निहाल हो गए।

सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े प्रबंध
भारी भीड़ को देखते हुए शहर के प्राचीन देवी मंदिर, श्री सनातन धर्म सभा मंदिर, श्री बांके बिहारी ज्ञानेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Spread the love