जमशेदपुर
मानगो नगर निगम क्षेत्र में रोजगार, स्वरोजगार और शहरी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए अगले पांच वर्षों की व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को मानगो नगर निगम में महापौर सुधा गुप्ता की अध्यक्षता में सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान (सीएलएपी) को लेकर फोकस ग्रुप डिस्कशन का आयोजन किया गया।
इसमें शहरी गरीबों, स्वयं सहायता समूहों, पथ विक्रेताओं, युवाओं और स्थानीय कारीगरों की आजीविका को बेहतर बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत राज्य के 10 नगर निकायों में सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है।
इसके लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कालीकट, केरल और नगर विकास एवं आवास विभाग के बीच समझौता हुआ है। एनआईटी कालीकट आगामी पांच वर्षों के लिए शहर की आजीविका संबंधी जरूरतों और संभावनाओं का अध्ययन कर कार्ययोजना तैयार करेगा।
बैठक में जिला उद्योग केंद्र, जेएसएलपीएस, टाउन वेंडिंग कमेटी, एरिया लेवल फेडरेशन, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा एनआईटी कालीकट की टीम के सदस्यों सहित विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया। सभी ने सहभागिता आधारित विकास मॉडल को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
महिलाओं के उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर
महापौर सुधा गुप्ता ने बैठक में स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों के लिए साप्ताहिक हाट शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने से उन्हें उचित मूल्य मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए विशेष रणनीति बनाने का निर्देश भी दिया।
वेंडिंग जोन और बस अड्डे से बढ़ेंगे अवसर
महापौर ने शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे कारोबार करने वाले पथ विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान विकसित होने से ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। इसके अलावा प्रस्तावित बस अड्डे को रोजगार और स्वरोजगार का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में भी योजना तैयार की जा रही है।
गरीबी उन्मूलन और कौशल विकास पर रहेगा फोकस
अपर नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि योजना के तहत शहरी गरीबों और कमजोर वर्गों की पहचान कर उन्हें रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास तथा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
उप महापौर राहुल कुमार कश्यप ने कहा कि जागरूकता अभियान, सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत बनाने, आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने तथा बाजार से जोड़ने की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
साथ ही सर्वेक्षण के माध्यम से आजीविका से जुड़े लोगों की चुनौतियों और अवसरों का मूल्यांकन कर रोजगार सृजन, गरीबी उन्मूलन और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देने वाली योजनाएं तैयार की जाएंगी।

More Stories
रोहतक की 6 औद्योगिक इकाइयों पर बंदी-सीलिंग का खतरा, प्रदूषण निगरानी डेटा 85% से कम
पानीपत में कल से शुरू होगा निरंकारी समागम, 4 दिन में 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
वेस्टर्न रीजन में सबसे कम ट्रांसमिशन लॉस के लिए प्रदेश को लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय सम्मान : ऊर्जा मंत्री तोमर